|| आश्रम की परमार्थ सेवाएं ||
।। श्री जानकीवल्लभो विजयते ।।



* श्री सियाराम किला में ठाकुर जी की नित्य सेवाएँ !

आजीवन साधु संत सेवा
पावन सुरम्य सरयू घाट पर वास कर साधना में लीन रहने वाले साधकों की सेवा मन्दिर की ओर से बड़े व्यवस्थित रूप से की जाती है। उनके लिए समुचित निवास पौष्टिक भोजन, वस्त्र, चिकित्सा व अन्य दैनिक आवश्यकताएं मन्दिर द्वारा पूरी की जाती हैं।

विद्यार्थी सेवा
आश्रम अपने सामाजिक उत्तरदायित्त्व का भी निर्वाह कर रहा है। आर्थिक रूप से विपन्न असहाय व कुशाग्रबुद्धि के छात्रों के अध्ययन, निवास वस्त्र, खानपान तथा चिकित्सा की व्यवस्था मंदिर प्रबंधन द्वारा यथोचित और उदारतापूर्वक की जाती है सर्वप्रथम उन्हें संस्कृत, हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाती है।

गौ सेवा
आश्रम में बहुत ही सुंदर, आकर्षक गायें हैं। इनकी सेवा समुचित रूप से होती है। मन्दिर प्रबंधन के अंतर्गत गौ सेवा प्राथमिक कार्यों में से हैं। विशाल गोकुलम का निर्माण भी इसी उद्देश्य से कराया गया है। यहाँ शीत व ग्रीष्म ऋतु की प्रतिकूल परिस्थितियों से निबटने के लिए आवश्यक सुविधाएँ हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं
देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आश्रम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में आने वाले रोगियों की निः शुल्क चिकित्सा की जाती है। इन शिविरों में जाने माने चिकित्सकों द्वारा सेवा दी जाती है।

कृत्रिम अंगदान सेवा
पोलियोग्रस्त अपंग एवं विकलांग व्यक्तियों के इलाज की भी व्यवस्था है। इन्हें, साइकिल, कृत्रिम अंग व अपने पैरों पर खड़ा होने हेतु आर्थिक व अन्य सहयोग आश्रम प्रदान करता है।

दरिद्र नारायण सेवा
आश्रम में प्रतिदिन दरिद्र नारायण सेवा की भी व्यवस्था है जिसमें प्रतिदिन दरिद्र नारायण को भोजन एवं वस्त्र प्रदान किया जाता है। बीमारी की स्थिति में चिकित्सा व्यवस्था व अन्य प्रकार से आश्रम द्वारा इनकी सेवा भी की जाती है।

सामूहिक विवाह
गरीब परिवार के लड़के - लड़कियों का उनके परिवार से अनुमति लेकर वैदिक रीति -रिवाज से पाणिग्रहण संपन्न कराया जाता है। विवाहोपरांत नवदंपत्ति को गृहस्थी की पूर्ण सामग्री जैसे कपड़े, बर्तन, रसोई सामग्री आदि प्रदान किया जाता है।

अतिथि सेवा
देश के विभिन्न क्षेत्रों से अयोध्या दर्शन हेतु आए भक्तों के लिए आधुनिकतम सुविधा युक्त आवसीय कमरे उपलब्ध है। मंदिर की तरफ से भक्तों हेतु प्रसाद की व्यवस्था है। शहर भ्रमण के लिए मंदिर की ओर से अन्य सुविधाएं व जानकारियां भी प्रदान की जाती हैं। सियाराम किला स्वयं आध्यात्मिकता का प्रमुख केन्द्र है।